Uttarakhand: देहरादून में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, एसटीएफ और पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

राजधानी देहरादून में उत्तराखण्ड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त था। इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी साजिश का समय रहते खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने शहर के कई संवेदनशील स्थानों जैसे आईएसबीटी और पुलिस मुख्यालय की वीडियो और लोकेशन विदेशी हैंडलर्स को भेजी जा रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और लगातार संपर्क में था।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि उसे तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (टीटीएच) के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत उसने सेलाकुई, अडवानी पुल और झाझरा क्षेत्रों में दीवारों पर टीटीएच लिखकर वीडियो बनाकर विदेश भेजे, जिससे दहशत फैलाने की साजिश रची जा रही थी।

जांच एजेंसियों ने यह भी खुलासा किया है कि आरोपी को दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं और एक अधिवक्ता पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने का टास्क सौंपा गया था। इसके बदले उसे नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और धनराशि देने का लालच दिया गया था।

पुलिस और एसटीएफ की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के चलते यह बड़ी साजिश समय रहते विफल कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार के खतरों को समय रहते रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *