मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव लोक निर्माण डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत उत्तरकाशी-भटवाड़ी-हर्षिल-गंगोत्री मार्ग पर निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 34 (एनएच-34) पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और बीआरओ अधिकारियों को आगामी चारधाम यात्रा से पूर्व 15 अप्रैल 2026 तक मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
मलबा हटाने और डेंजर जोन चौड़ीकरण के निर्देश
सचिव ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को यात्रा मार्ग से मलबा हटाने, सभी डेंजर एवं लैंडस्लाइड जोन में आवश्यकतानुसार कटिंग कर चौड़ाई बढ़ाने तथा हॉट मिक्स से सड़क की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।
स्वाडी-गाड में 85 मीटर स्पान स्टील सेतु का कार्य तेज करने पर जोर
डॉ. पांडेय ने स्वाडी-गाड में निर्माणाधीन 85 मीटर स्पान स्टील सेतु के कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व स्टील गर्डर सेतु की लॉन्चिंग, डैक स्लैब निर्माण एवं एप्रोच रोड का कार्य पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य सरकार का संकल्प है कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता और तीव्र गति से पूर्ण किए जाएं।
क्षतिग्रस्त पैदल सेतु और राजमार्ग कार्यों पर नाराजगी
सचिव ने मुखवा से धराली तक पैदल मार्ग और पैदल सेतु का भी निरीक्षण किया। धराली क्षेत्र में पूर्व में आई भीषण दैवीय आपदा के कारण क्षतिग्रस्त पैदल सेतु की मरम्मत शुरू न होने तथा धराली और हर्षिल के बीच दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ न होने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व संबंधित स्थलों पर हॉट मिक्स कार्य कर सड़क की राइडिंग क्वालिटी में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर इं. रणजीत सिंह, इं. विजय कुमार, इं. नवीन लाल, इं. कैलाश चंद्र नौटियाल, मेजर संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
