मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास परिसर में आज शहद निष्कासन कार्य किया गया। पहले चरण में करीब 60 किलोग्राम शहद निकाला गया, जिसे जैविक उत्पादन की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आवास परिसर और आसपास के क्षेत्र में 3-बी गार्डन—बी-फ्रेंडली गार्डन, बटरफ्लाई-फ्रेंडली गार्डन और बर्ड-फ्रेंडली गार्डन—विकसित करने की दिशा में कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में मौन पालन (मधुमक्खी पालन) की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में विभिन्न प्रकार के फूलों की प्रचुरता उच्च गुणवत्ता वाले जैविक शहद उत्पादन के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करती है। उन्होंने अधिकारियों से पहाड़ी क्षेत्रों में औषधीय गुणों से युक्त शहद उत्पादन के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा।
इस दौरान उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित और देवभूमि पर्वतीय ग्रामोद्योग विकास संस्थान, हरबर्टपुर के चेयरमैन अजय कुमार सैनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
