Uttarakhand: उत्तराखंड सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर हल्द्वानी में भव्य कार्यक्रम, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि

उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 21 मार्च को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में  केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रतिभाग करेंगे।

रक्षा मंत्री के प्रस्तावित दौरे और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले लोगों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शहर की जनता और बाहरी आगंतुकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, दीवान सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *