Uttarakhand: गुलदार के हमले में मासूम की मौत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

जनपद के विकासखंड पोखड़ा अंतर्गत कोलागाड़ क्षेत्र के ग्राम तिमली के भतकोट गांव में गुलदार द्वारा एक मासूम बच्चे को निवाला बनाए जाने की हृदयविदारक घटना सामने आई है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

घटना के बाद गणेश गोदियाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार के गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

गोदियाल ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी पहले से ही सरकार और वन विभाग को आगाह करती रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और संबंधित विभाग इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनहीन बने हुए हैं।

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के कारण कई निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है और अनेक परिवारों को अपूरणीय क्षति झेलनी पड़ी है। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई का अभाव अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के चलते पहाड़ों में भय का माहौल बना हुआ है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाओं पर जल्द प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में गुलदार के आतंक को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

गोदियाल ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान कांग्रेस नेता कबीन्द्र इस्तवाल, पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य पूनम कैन्त्यूरा सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *