कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और कांग्रेस पार्टी को समर्थन देकर परिवर्तन सुनिश्चित करेगी। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार ने गहरी जड़ें जमा ली हैं और भाजपा सरकार तानाशाही और निरंकुश हो चुकी है।
श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में कार्यालय उद्घाटन अवसर पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल रही है, इसलिए सत्ता परिवर्तन वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए आवश्यक हो गया है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों में अहंकार और तानाशाही का भाव आ गया है, जिसे समाप्त करने के लिए बदलाव जरूरी है। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाई जाएगी। उनका कहना था कि बागेश्वर, अल्मोड़ा, टिहरी, चमोली और पौड़ी जैसे पर्वतीय जिलों के विकास की वास्तविक उम्मीद गैरसैंण को राजधानी बनाने से ही पूरी हो सकेगी।
मंत्रिमंडल विस्तार पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने यह कदम भाजपा के अंदरूनी विवादों को दबाने के लिए उठाया है। गोदियाल ने आरोप लगाया कि पार्टी ने अपने समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ विधायकों की अनदेखी करते हुए कांग्रेस पृष्ठभूमि से आए नेताओं को अधिक तवज्जो दी है।
उन्होंने दावा किया कि मंत्रिमंडल विस्तार के बावजूद भाजपा में अंदरूनी कलह बनी रहेगी और चुनाव से पहले यह और बढ़ सकती है। कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
