चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव जनपद रुद्रप्रयाग में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के चलते प्रभारी सचिव रुद्रप्रयाग एवं आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने सोमवार मुख्य बाजार क्षेत्र में पुनाड़ गदेरे के समीप निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप हो रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए और निर्माण गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।
प्रभारी सचिव ने कहा कि मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण से रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। इससे चारधाम यात्रियों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी और शहर के भीतर वाहनों का दबाव भी कम होगा।
बताया गया कि मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण के लिए शासन से कुल 7 करोड़ 9 लाख 74 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से 2.84 करोड़ रुपये की धनराशि प्रथम चरण में जारी की जा चुकी है। इस परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी सिंचाई खंड रुद्रप्रयाग को सौंपी गई है।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
