प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने राजधानी देहरादून के मुख्य बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती की गला काटकर हत्या की घटना को राज्य की विफल कानून व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण बताया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मच्छी बाजार जैसे अत्यंत भीड़भाड़ वाले इलाके में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया जाना दर्शाता है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना ने भाजपा शासन के “जंगलराज” की पोल खोलकर रख दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, उससे कुछ ही दूरी पर राजधानी की मुख्य कोतवाली स्थित है और क्षेत्र में 24 घंटे भीड़ रहती है, इसके बावजूद पुलिस आम जनता की सुरक्षा को लेकर असंवेदनशील बनी हुई है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य पुलिस महिला सुरक्षा और आम नागरिकों की जान-माल की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी खुलेआम अपराध कर रहे हैं और पुलिस जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व में हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में भी अब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आ सकी है और कथित वीआईपी का खुलासा नहीं हो पाया है। इससे यह संकेत मिलता है कि कहीं न कहीं अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने प्रदेश में आम नागरिकों के मन में भय का माहौल पैदा कर दिया है और सरकार तथा पुलिस को तत्काल कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
