Uttarakhand: पीएम कार्यक्रम की तैयारियों का सीएम ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए ये निर्देश…

पुष्कर सिंह धामी ने प्रस्तावित प्रधानमंत्री कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड का निरीक्षण किया। यह कार्यक्रम नरेन्द्र मोदी के देहरादून दौरे के मद्देनज़र आयोजित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था और स्वच्छता समेत सभी जरूरी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए। साथ ही, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।

कार्यक्रम स्थल पर मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां व्यवस्थित और सुनियोजित तरीके से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है और इसकी सफलता सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *