मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए 147 करोड़ 28 लाख 56 हजार रुपये की 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इनमें 72 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा 74 करोड़ 90 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
नैनीताल जिले को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जिला विकास की नई गति से आगे बढ़ेगा। राज्य सरकार विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को लेकर तीव्रता से कार्य कर रही है और विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं, जो अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायी बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ राज्य सरकार विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सहेज रही है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल-विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
प्रमुख लोकार्पित योजनाएं
मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी में 30 मीटर स्पान मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा एवं बैलपड़ाव में नलकूप निर्माण का लोकार्पण किया।
इसके साथ महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण, लालकुआं में नलकूपों पर स्टैबलाइज़र, जल जीवन मिशन के अंतर्गत 14 पेयजल योजनाएं तथा रामगढ़ पशु चिकित्सालय भवन का भी लोकार्पण किया गया।
17 योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली, मोतियापाथर-शहरफाटक मार्ग सुधारीकरण, नैनीताल में अनावासीय भवन निर्माण, नशा मुक्ति केंद्र पाण्डे नवाड़ मरम्मत, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर सड़क मरम्मत सहित विभिन्न सड़क, सीवरेज और पेयजल योजनाओं का शिलान्यास किया।
विशेष पेयजल योजना का भूमि पूजन
मुख्यमंत्री ने विशेष योजनांतर्गत सहायता कार्यक्रम के तहत स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना (लागत 154.43 करोड़ रुपये) का भी भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विभिन्न विधायकगण, जनप्रतिनिधि, कुमाऊँ आयुक्त, जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और विकास योजनाओं के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
