आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे के सफल आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सीएम धामी ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए और कहा कि सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यातायात प्रबंधन की सुदृढ़ योजना तैयार करने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी की जाएं। साथ ही साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता की कामना की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
