मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को बागेश्वर के आपदा प्रभावित क्षेत्र पौंसरी का दौरा कर प्रभावित ग्रामीणों से भेंट की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैसानी में आपदा प्रभावित ग्रामीणों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।
जिलाधिकारी से ली राहत कार्यों की जानकारी
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई से प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को हुई अतिवृष्टि के चलते पौंसरी के खाईजर तोक में पांच मकान मलबे में दब गए थे। इस घटना में छह लोगों में से पांच मलबे में दब गए और एक व्यक्ति सुरक्षित मिला। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष दो की तलाश एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर टीम, ड्रोन, डॉग स्क्वायड और विक्टिम लोकेटिंग कैमरे की मदद से जारी है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को राहत राशि वितरित कर दी गई है और आवश्यक सेवाएं भी बहाल कर दी गई हैं।
पुनर्वास और आधारभूत संरचना सुधार पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन कर पुनर्वास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि क्षतिग्रस्त पिटकुल के 132 केवी सब स्टेशन को दुरुस्त करने के लिए 52 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर विधायक सुरेश गढ़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्ना, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
