मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखण्ड आगमन एवं दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुभारम्भ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सरकारी कार्यक्रम न होकर जन-उत्सव का रूप ले, इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की रूपरेखा आकर्षक और सुव्यवस्थित हो तथा आयोजन में उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई दे।
सीएम धामी ने विशेष रूप से गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकनृत्य एवं संगीत को भव्यता के साथ प्रस्तुत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के समन्वय से सजाया जाए और अधिक से अधिक स्थानीय कलाकारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आयोजन प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक बन सके।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी इस ऐतिहासिक अवसर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों से निकलकर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो में शामिल हों और पूरे राज्य में उत्सव का माहौल बनाएं। साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम से पूर्व प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों से मिलकर आयोजन को स्वच्छ, सुंदर और यादगार बनाने का आह्वान किया।
दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना राज्य के विकास को नई दिशा देगी। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों में तेजी आएगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर लॉजिस्टिक्स, परिवहन और निवेश के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव लाएगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना का शुभारम्भ उत्तराखण्ड के विकास के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून एवं अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
