कुंभ मेला–2027 की तैयारियों का मुख्य सचिव ने लिया जायजा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों के निर्देश

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ मेला–2027 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा विभागीय समन्वय को मजबूत बनाते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।

घाटों का निर्माण आधुनिक मानकों के हो अनुरूप

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपर गंगा नहर के बाएं तट पर स्थित शहीद भगत सिंह घाट (कामधेनु घाट) से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाटों और बैरागी कैम्प घाट का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि घाटों का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाए।

कुंभ मेला–2027 के लिए ग्रीन घाट विकसित

मुख्य सचिव ने बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए घाटों पर रैम्प, चेंजिंग रूम और प्रसाधन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही इस बार कुंभ मेला–2027 के लिए ग्रीन घाट विकसित करने के निर्देश देते हुए घाटों पर हरियाली और सौंदर्यीकरण पर जोर दिया।

निर्माणाधीन प्री-स्ट्रेस्ड आरसीसी पुल का निरीक्षण

उन्होंने ज्वालापुर–ईदगाह–पीएसी–शिवालिक नगर मार्ग पर पथरी रौ नदी के ऊपर निर्माणाधीन 60 मीटर लंबे प्री-स्ट्रेस्ड आरसीसी पुल का निरीक्षण किया। बहादराबाद–सिडकुल मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे कुंभ के दौरान यातायात संचालन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

लिंक मार्ग पर बन रहे पुल के कार्य में तेजी लाने के निर्देश

धनौरी–सिडकुल लिंक मार्ग पर निर्माणाधीन 90 मीटर स्पान के पुल के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि नदी तल से जुड़े कार्य वर्षा ऋतु से पहले पूर्ण कर लिए जाएं।

हरिद्वार बाईपास रिंग रोड का कार्य शीघ्र करें पूरा

मुख्य सचिव ने हरिद्वार बाईपास रिंग रोड परियोजना की प्रगति का भी निरीक्षण किया और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा की जाए।

जिलाधिकारी दैनिक प्रगति रिपोर्ट कराए उपलब्ध

उन्होंने दिल्ली राजमार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए और इसकी दैनिक प्रगति रिपोर्ट जिलाधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा।

स्वच्छ और निर्बाध पेयजल आपूर्ति करें सुनिश्चित

बैरागी कैम्प में 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक सहित जलापूर्ति परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कुंभ के दौरान स्वच्छ और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मूलभूत सुविधाओं को दे प्राथमिकता

मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेला–2027 एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी समान प्राथमिकता दी जाए।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश

उन्होंने मेला नियंत्रण भवन में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर सचिव शहरी विकास नितेश झा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार सिंह, सीडीओ ललित नारायण मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *