मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने विभिन्न विकास कार्यों, आपूर्ति व्यवस्था और आगामी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एलपीजी आपूर्ति और कुंभ-2027 तैयारियों पर जोर दिया।
गैस एजेंसियों एवं वितरकों पर निगरानी रखने के निर्देश
सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव ने सभी जनपदों में एलपीजी सिलेंडर वितरण की स्थिति का जायजा लेते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग और तेल कंपनियों के राज्य स्तरीय समन्वयकों को गैस एजेंसियों एवं वितरकों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मांग (बैकलॉग) को समाप्त करने के लिए आपूर्ति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए कमर्शियल सिलेंडरों की अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से समन्वय करने के निर्देश भी दिए।
इन जनपदों में प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए कार्य
मुख्य सचिव ने खतौनी में अंश निर्धारण के कार्यों में तेजी लाने पर बल देते हुए कहा कि हरिद्वार, नैनीताल सहित मैदानी जनपदों में इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे को भी तेजी से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
किसी भी कार्य न हो पुनरावृत्ति
बैठक में कुंभ-2027 की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक शासनादेश (जीओ) शीघ्र जारी करने और टीएसी व ईएफसी से संबंधित प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में किसी प्रकार की पुनरावृत्ति (डुप्लीकेसी) न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।
ये अधिकारी रहें मौजूद
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैन्नई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, सचिन कुर्वे, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, बृजेश कुमार संत, श्री विनोद कुमार सुमन एवं आनंद स्वरूप सहित गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्त तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।
#Dehradun #Uttarakhand #ChiefSecretary #LPGSupply #CharDhamYatra #Kumbh2027 #Governance #BreakingNews
