Uttarakhand: जनता ने राज्य की सेवा का दिया अवसर, सरकार का विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास: सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर परेड ग्राउंड में आयोजित 4 साल बेमिसाल कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार वर्ष पूर्व जनता ने उन्हें पुनः राज्य की सेवा का अवसर दिया था और आज सरकार उस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 401.86 करोड़ रुपये की कुल 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 99.44 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं का शिलान्यास और 302.42 करोड़ रुपये की 41 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शपथ ग्रहण के समय उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया था, जो अब तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ समग्र विकास का विजन प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि पिछले एक वर्ष में जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि इस अवधि में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप्स की संख्या 700 से बढ़कर 1700 से अधिक हो गई है। साथ ही, 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में ‘अचीवर्स’ और स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ श्रेणी मिली है। इंडिया इनोवेशन इंडेक्स में हिमालयी राज्यों में दूसरा स्थान और लगातार ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का गौरव भी राज्य को मिला है।

उन्होंने कहा कि देहरादून को आधुनिक शहर बनाने के लिए लगभग 1400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही, पारदर्शी कार्य प्रणाली के तहत सरकार तय समय में योजनाओं को पूरा कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके चलते 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी बात कही।

उन्होंने बताया कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानून लागू किए गए हैं। साथ ही 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत धोखाधड़ी करने वालों पर कार्रवाई की गई है। समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान कानून व्यवस्था स्थापित की गई है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कनक चौक से कार्यक्रम स्थल तक रोड शो में भाग लिया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, खजान दास, राम सिंह कैडा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *