Uttarakhand: कालसी बस दुर्घटना के घायलों से मिलने दून अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

कालसी क्षेत्र के क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जानने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया। दुर्घटना में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के यात्री घायल हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने हादसे में दिवंगत हुए यात्रियों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने चिकित्सकीय टीम को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने घायलों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार की ओर से इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर वहां उपचाराधीन घायलों को भी संवेदनशील और समुचित उपचार देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखण्ड में उपचाराधीन हिमाचल के सभी घायल यात्रियों का निःशुल्क और पूर्ण चिकित्सा उपचार राज्य सरकार द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *