Uttarakhand: मुख्यमंत्री धामी ने जागेश्वर धाम में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की समृद्धि और शांति की कामना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्राचीन एवं पवित्र जागेश्वर धाम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कज। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने भगवान जागनाथ (भगवान शिव) से राज्य की निरंतर प्रगति, आपसी सद्भाव और जनता के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है, यहां आकर मन को अद्भुत शांति और ऊर्जा का अनुभव होता है।

पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित पुजारियों, स्थानीय श्रद्धालुओं और प्रशासनिक अधिकारियों से भेंट की। उन्होंने क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी सुविधाओं के विकास और संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड के देवस्थलों को केवल श्रद्धा और आस्था के केंद्र के रूप में ही नहीं, बल्कि पर्यटन, रोजगार और सांस्कृतिक विकास के संगम के रूप में भी विकसित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश का धार्मिक पर्यटन और अधिक सशक्त होगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।

जागेश्वर धाम, जिसे बारह ज्योतिर्लिंगों में एक के रूप में भी माना जाता है, भगवान शिव के प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक है। यहां प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा के लिए आते हैं। मुख्यमंत्री की इस यात्रा से क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *