Uttarakhand: देहरादून में मुख्यमंत्री धामी ने सुना मन की बात, कार्यक्रम को बताया प्रेरणादायी जनसंवाद मंच

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के इन्द्रानगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 132वें एपिसोड को सुना। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ किया गया एक अनूठा जनसंवाद मंच है, जो दुनिया के किसी भी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा संचालित सबसे लंबे समय तक चलने वाले प्रेरणादायी कार्यक्रमों में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम बना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से उन व्यक्तियों की कहानियों को सामने लाते हैं, जो सीमित संसाधनों में भी असाधारण कार्य कर समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। इससे देशभर में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री अपने विभिन्न कार्यक्रमों में उत्तराखण्ड का विशेष उल्लेख करते रहे हैं। ‘मन की बात’ के कई एपिसोड में राज्य की शीतकालीन यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से स्थान मिला है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं भी राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों—जैसे आदि कैलाश और उत्तरकाशी जिले के हर्षिल-मुखवा क्षेत्र—का भ्रमण कर चुके हैं। इन दौरों और उल्लेखों का सकारात्मक प्रभाव उत्तराखण्ड के पर्यटन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को ‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार, आवासीय व्यवस्थाओं का विकास और डिजिटल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *