मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट स्थित 36वीं वाहिनी आईटीबीपी में पहुंचकर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हिमवीरों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने जवानों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के हिमवीरों का योगदान अतुलनीय है। सीमांत क्षेत्रों की विषम भौगोलिक और कठोर जलवायु परिस्थितियों में तैनात हमारे वीर जवान देशवासियों की सुरक्षा का सशक्त कवच हैं।
उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। ऐसे पावन अवसर पर अपने परिवारों से दूर रहकर मातृभूमि की रक्षा में समर्पित हिमवीरों का त्याग और बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने जवानों के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर स्तर पर सुरक्षा बलों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
