मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन देहरादून में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस कांस्टेबलों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवा कांस्टेबलों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, आपदा प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड एक पहाड़ी राज्य है, जहां प्राकृतिक आपदाएं अक्सर चुनौती बनकर सामने आती हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों को आपदा प्रबंधन के प्रति पूरी तरह प्रशिक्षित और सजग रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और हर जवान को इसके लिए तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर देते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षणरत कांस्टेबलों से कहा कि वे आधुनिक प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाएं और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संदेश भी दिया।
