उत्तराखंड में इन दिनों अक्षय कुमार और जाह्नवी कपूर जैसे बड़े फिल्मी सितारों की फिल्मों की शूटिंग हो रही है। अक्षय कुमार मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में, जबकि जाह्नवी कपूर नैनीताल में शूटिंग कर रही हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखंड की फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान मजबूत होने के साथ ही पर्यटन और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार उत्तराखंड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयास कर रही है। इसके तहत फिल्म निर्माताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने, शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया सरल बनाने और स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म शूटिंग से पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों और परिवहन संचालकों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। सरकार फिल्म पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए इसमें स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सात दिन में शूटिंग की अनुमति

राज्य सरकार उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सात दिनों के भीतर शूटिंग की अनुमति उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जिससे फिल्म निर्माताओं को विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित करने में सुविधा मिलती है।

होटल और परिवहन कारोबार को मिलेगा लाभ

फिल्म यूनिटों के पहुंचने से होटल, परिवहन, खानपान और स्थानीय सेवाओं से जुड़े कारोबार में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की संभावनाएं हैं। फिल्मों के माध्यम से मसूरी, लैंढौर और नैनीताल जैसे पर्यटन स्थलों को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है। इससे भविष्य में इन क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने और स्थानीय व्यवसायों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद भी राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए फिल्म निर्माताओं को सहयोग उपलब्ध करा रही है।