मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण के काम में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि 15 अक्टूबर के बाद वह कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर सड़कों का औचक निरीक्षण कर सकते हैं।
सोमवार को सचिवालय में विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं पर भी नजर
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से यात्रा व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
शिविरों में मौके पर हो समस्याओं का समाधान
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया जाए। जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रस्तावित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और उनमें व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए अस्पतालों की निगरानी
मुख्यमंत्री ने स्वाइन फ्लू सहित विभिन्न संक्रामक और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारियों को समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता जांचने को कहा। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को समन्वय से रोगों की रोकथाम और उपचार की व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को आपसी समन्वय से सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल समेत सचिवगण, विभागाध्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।
