उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख बढ़ा दी गई है। अब प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर को प्रकाशित होगी। पहले इसके लिए 15 सितंबर की तारीख निर्धारित थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी।

सीईओ ने बताया कि प्रदेश में एसआईआर अभियान के तहत 24 लाख 30 हजार नोटिसों के सापेक्ष 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। वहीं, फार्म-6, 7 और 8 से संबंधित करीब 40 प्रतिशत सुनवाई का काम भी पूरा हो चुका है।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नए कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर तक जारी रहेगी। इसके बाद तीन अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

सीईओ ने बताया कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाना है। इस प्रक्रिया के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास मौजूद रहे।