श्री राजराजेश्वरी मां नंदा जात यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने सिद्धपीठ कुरुड़ पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन की ओर से तैनात कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सिद्धपीठ कुरुड़ में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं पर्यटन मेले के समापन अवसर पर डीएम और एसपी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने सिद्धपीठ में मां नंदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
सिलवाणी में भी किए मां नंदा के दर्शन
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ग्राम सभा चरबंग के सिलवाणी पहुंचे। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट के साथ उन्होंने मां नंदा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
अधिकारियों ने कहा कि जात यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने को देखते हुए भीड़ को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रही हैं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र रावत, नायब तहसीलदार राकेश देवली समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
