धरासू-फूलचट्टी-यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में बीते शुक्रवार को फिर मलबा गिरा। घटना के बाद मलबे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। हालांकि सुरंग का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था ने इसे सामान्य घटना बताते हुए कहा कि करीब एक किलोमीटर हिस्से में पहाड़ का हिस्सा बेहद कमजोर और कच्चा है, जहां कार्य के दौरान मलबा गिरता रहता है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बड़कोट की ओर से करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से में भूस्खलन हुआ और मलबा सुरंग के भीतर आ गिरा। राहत की बात रही कि इस दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई। लेकिन लगातार हो रही घटनाओं के कारण सुरंग में काम कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

कार्यदायी संस्था के जीएम रविकांत ने बताया कि सुरंग के भीतर करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में पहाड़ी का हिस्सा काफी लूज है। यहां री-प्रोफाइलिंग का काम किया जा रहा है। इसी दौरान कच्चा हिस्सा टूटकर नीचे गिर जाता है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को भी इसी वजह से मलबा गिरा था। सुरंग का सुरक्षा ऑडिट कराया जा चुका है।