उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने समूह ‘ग’ के अंतर्गत विभिन्न विभागों में 379 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 जुलाई से शुरू होगी, जबकि अभ्यर्थी 15 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने लिखित परीक्षा 12 अक्टूबर को प्रस्तावित की है।

आयोग की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार लेखाकार, सहायक लेखाकार, कनिष्ठ समपरीक्षक, कार्यालय सहायक (लेखा) तथा कैशियर कम सहायक लेखाकार के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। आवेदन में त्रुटि होने पर उम्मीदवार 18 अगस्त से 20 अगस्त के बीच ऑनलाइन संशोधन कर सकेंगे।

इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, उत्तराखंड जल संस्थान, ब्रिडकुल सहित विभिन्न सरकारी विभागों और उपक्रमों में की जाएगी।

आयोग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। भर्ती से प्रदेश के युवाओं को सरकारी सेवा में रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पदों को भी भरा जा सकेगा।