श्री बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता के मामले को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि प्रकरण की जांच सभी सक्षम एजेंसियों द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है। पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और सरकार की प्राथमिकता दोषियों को न्याय के दायरे में लाना है। पार्टी ने भरोसा जताया कि जांच के आधार पर सत्य सामने आएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

भाजपा ने कांग्रेस और विशेष रूप से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष आस्था से जुड़े इस संवेदनशील विषय पर भी राजनीति करने का प्रयास कर रहा है। बयान में कहा गया कि कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के निधन के 24 घंटे पूरे होने से पहले ही पार्टी नेतृत्व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय दिखाई दिया, जिसे भाजपा ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

भाजपा ने यह भी कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए गए सभी आरोपों का प्रेस वार्ता के माध्यम से तथ्यों, दस्तावेजों और लिखित प्रमाणों के साथ जवाब दिया जा चुका है। पार्टी का दावा है कि भविष्य में लगाए जाने वाले प्रत्येक निराधार आरोप का भी प्रमाणिक और तथ्यात्मक उत्तर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार और बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) पर सवाल उठा रही है तथा उच्च स्तरीय न्यायिक जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। वहीं भाजपा का कहना है कि जांच प्रक्रिया पहले से जारी है और उसके निष्कर्षों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों प्रमुख दलों के बीच इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।