केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर जंगलचट्टी के पास पोल संख्या 98-99 के बीच बोल्डर और पत्थर गिरने से मार्ग का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया। घटना के चलते घोड़ा, डंडी और कंडी का संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा, हालांकि प्रशासन ने पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाए रखी है। मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए राहत एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार 17 जुलाई को हुए भूस्खलन के कारण यात्रा मार्ग पर मलबा और बड़े पत्थर आ गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर घोड़ा, डंडी और कंडी सेवा को अस्थायी रूप से बंद किया गया, जबकि पैदल यात्रियों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के बीच आगे बढ़ने दिया जा रहा है।

घटनास्थल पर डीडीआरएफ, पुलिस चौकी जंगलचट्टी और एमटीएफ भीमबली की टीमें तैनात हैं और लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

लोक निर्माण विभाग, गुप्तकाशी के निर्माण खंड के कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि मार्ग को शीघ्र सुचारु करने के लिए 14 श्रमिकों को मौके पर लगाया गया है। मलबा हटाने और रास्ते को सुरक्षित बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।

प्रशासन ने बताया कि मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और बहाली कार्य पूरा होते ही घोड़ा, डंडी एवं कंडी सेवाओं का संचालन भी पुनः शुरू कर दिया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और यात्रा के दौरान सतर्कता बरतें।