केदारनाथ हेली सेवा बुकिंग के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी को लेकर पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है।
एसपी रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 265 फर्जी वेबसाइट्स, बैंक खाते, सोशल मीडिया पेज और मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराया जा चुका है, जो लोगों को ठगने के लिए बनाए गए थे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही की जाए। इसके अलावा किसी भी अन्य वेबसाइट, लिंक या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन या भुगतान करने से बचें।
एसपी ने बताया कि ठग विभिन्न फर्जी प्लेटफॉर्म बनाकर सस्ते किराए और आसान बुकिंग का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। कई मामलों में श्रद्धालुओं से ऑनलाइन भुगतान करवाकर उन्हें धोखा दिया गया है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या लिंक पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और केवल अधिकृत पोर्टल का ही उपयोग करें। यदि किसी को इस प्रकार की ठगी का संदेह हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने साइबर टीम के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है और ऐसे फर्जी नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
#Kedarnath #HeliBooking #CyberFraud #UttarakhandPolice #OnlineScam #StayAlert #BreakingNews
