श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलने से पूर्व तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना 20 अप्रैल तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे साफ-सफाई और रंग-रोगन कार्यों का भी अवलोकन किया तथा मौके पर मौजूद श्रमिकों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सीईओ ने मंदिर प्रभारी को निर्देशित किया कि नृसिंह मंदिर और योग बद्री मंदिर की साज-सज्जा हर हाल में 20 अप्रैल तक पूरी कर ली जाए। वहीं, बदरीनाथ धाम की फूलों से सजावट 22 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से गेंदे और विभिन्न रंगों के गुलाब के फूलों के उपयोग पर जोर देते हुए दानदाताओं को समय रहते सूचित करने की बात कही।
इसके अलावा, उन्होंने धाम परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर कपाट खुलने से पहले उनका ट्रायल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कतारों में एलईडी स्क्रीन लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि प्रतीक्षारत श्रद्धालु धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकें।
उन्होंने ज्योतिर्मठ और धाम के अतिथि गृहों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने तथा मंदिर परिसर में 20 अप्रैल से पहले आकर्षक साइनेज लगाने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ज्योतिर्मठ, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, बीकेटीसी के कार्मिक एवं मास्टर प्लान से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
#Badrinath #CharDhamYatra #Uttarakhand #TemplePreparation #Pilgrimage2026 #BKTC #BreakingNews
