Uttarakhand: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर देहरादून में महापंचायत, वीआईपी कार्रवाई तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर रविवार को देहरादून के परेड मैदान में न्याय यात्रा के तहत महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में संयुक्त संघर्ष मंच के सदस्यों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली।

महापंचायत में मौजूद लोगों ने स्पष्ट किया कि जब तक हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान अंकिता भंडारी के माता-पिता भी परेड मैदान पहुंचे और न्याय की मांग को दोहराया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की उपस्थिति भी रही।

महापंचायत के दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। निर्णय लिया गया कि यदि 15 दिनों के भीतर पीड़ित परिवार की शिकायत पर ठोस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ती, तो एक और बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी और मामले को लेकर राष्ट्रपति से मुलाकात की जाएगी।

प्रस्ताव में यह भी मांग की गई कि अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिया गया शिकायती पत्र ही सीबीआई जांच का आधार माना जाए। इसके साथ ही हत्याकांड से जुड़े भाजपा नेता को जांच के दायरे में लाने और पार्टी से निष्कासित करने की मांग भी उठाई गई।

महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि यह लड़ाई केवल अंकिता के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश में न्याय, पारदर्शिता और महिलाओं की सुरक्षा के लिए है। लोगों ने एक स्वर में निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *