प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शाम के समय कुछ देर के लिए हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ सहित अन्य ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड और बढ़ गई है। वही मैदानी इलाकों में कोहरे के अलर्ट जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। दो जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।
वही, केंद्र की ओर से देहरादून समेत हरिद्वार, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिले के कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
आगामी दिनों के मौसम पर नजर डालें तो तीन और चार जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद पांच जनवरी को एक बार फिर मौसम के बदलने के आसार हैं। छह और सात जनवरी को प्रदेशभर में मौसम फिर से शुष्क रहने का अनुमान है।
उधर गुरुवार को मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं और कोहरे के चलते दिनभर लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।
