हरिद्वार गोलीकांड में गंभीर रूप से घायल विनय त्यागी की उपचार के दौरान मौत हो गई। चार गोलियां लगने के बाद विनय त्यागी को गंभीर अवस्था में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के तीसरे दिन उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
विनय त्यागी के निधन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स की मोर्चरी में रखा गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मोर्चरी के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ लक्सर नताशा सिंह भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
मोर्चरी के बाहर मृतक के परिजन और रिश्तेदार शोक में डूबे नजर आए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे उन्हें अस्पताल से विनय त्यागी की हालत गंभीर होने की सूचना मिली थी। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें उनकी मौत की जानकारी दी गई।
पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
