उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आज प्रदेश के सभी 27 जिलों के नव चयनित जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय सह-प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा चलाए गए संगठन सृजन अभियान के तहत चुने गए इन जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए गोदियाल ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
सबसे बड़ी चुनौती खुद को एक सक्षम नेता साबित करना : गोदियाल
गणेश गोदियाल ने कहा कि जिलाध्यक्षों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने नेतृत्व कौशल को साबित करने की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और संगठन के सक्रिय सदस्यों को विश्वास में लेकर बूथ, न्याय पंचायत और ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पिछले नौ वर्षों से भाजपा सरकार के कुशासन से त्रस्त है।
महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा, बलात्कार और हत्याओं के मामलों पर गंभीर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड तथा हरिद्वार में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष की पुत्री के साथ दुराचार जैसे मामलों को भाजपा शासन की विफलता बताया।
बेरोजगारी, स्वास्थ्य और युवाओं के मुद्दे को आक्रामक रूप से उठाने की सलाह
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बेरोजगारी अपने चरम पर है। युवा सरकार की नीतियों से निराश हैं। स्वास्थ्य सेवाएँ बदहाल हैं, खासकर पर्वतीय जिलों में। उन्होंने जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए कि इन मुद्दों पर आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाएँ और जनता की आवाज बनें।
तीन महीनों में बूथ और ब्लॉक स्तर तक संगठन गठन का लक्ष्य
कांग्रेस के राष्ट्रीय सह-प्रभारी मनोज यादव ने सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया कि आने वाले तीन महीनों में
- बूथ स्तर की समितियों का गठन पूरा करें
- सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों का शत-प्रतिशत गठन सुनिश्चित करें।
वहीं सुरेन्द्र शर्मा ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए जरूरत पड़ने पर संगठन पुनर्गठन के प्रस्ताव भेजने को कहा।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति
बैठक का संचालन कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। बैठक में
राजेंद्र भंडारी, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, विनोद नेगी, मोरारी लाल खंडेलवाल, प्रदीप सिंह रावत, विकास नेगी, मीना बछवान, कुलदीप कंडारी, उत्तम सिंह असवाल, अमन गर्ग, बालेश्वर सिंह, राजेंद्र चौधरी, फुरकान अहमद, मोहित उनियाल, संजय किशोर, अल्का पाल, हिमांशु गावा, गोविंद सिंह बिष्ट, भूपेंद्र सिंह भोज, दीपक किरौला, अर्जुन भट्ट, मुकेश पंत, मनोहर टोलिया तथा चिराग फर्त्याल शामिल रहे।
