लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे उपनल कर्मचारी अब आरपार की लड़ाई के मूड में आ गए हैं। सरकार से बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से नाराज कर्मचारियों ने आज देहरादून में परेड मैदान के पास एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए अपनी मांगों को तत्काल पूरा करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में प्रदेशभर से सैकड़ों उपनल कर्मी शामिल हुए।
उपनल महासंघ के प्रदेश संयोजक ने कहा कि “माननीय न्यायालय के निर्देशों के बाद भी सरकार केवल कोरे आश्वासन दे रही है। शासन स्तर पर बनाई गई कमेटी भी पिछले सात महीनों से सिर्फ डेटा एकत्र करने का काम कर रही है, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।”
उन्होंने कहा कि उपनल कर्मी वर्षों से कम वेतन और अस्थायी व्यवस्था में सेवाएं दे रहे हैं। कई बार सरकार से बातचीत के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। अब कर्मचारी मजबूर होकर सड़कों पर उतरने को विवश हुए हैं।
महासंघ ने साफ कहा कि यदि अब भी सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को राज्यव्यापी किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस आंदोलन से उत्पन्न परिस्थितियों की संपूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। उपनल कर्मियों ने कहा कि जब तक उनकी सेवाओं को नियमित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
