Uttarakhand: सीएम ने पीड़ितों को हर संभव सहायता का दिया आश्वासन, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया।

अस्थाई झील का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने स्यानाचट्टी के पास यमुना नदी में गडगाड गदेरे से आए मलबे के कारण बनी अस्थाई झील का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी मार्ग में जमा गाद को तुरंत हटाया जाए तथा झील के मुहाने को चौड़ा कर जल निकासी की गति बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को प्रभावित क्षेत्र में हुए नुकसान का त्वरित आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, आवाजाही बाधित होने से किसानों की आलू की फसल प्रभावित न हो, इसके लिए उचित मूल्य पर खरीद की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

पुल और सड़क मार्ग बहाली के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने कुपड़ा कुंशाला पुल का भी स्थलीय निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को नामित कर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवाजाही बहाल होने तक वैकल्पिक पैदल मार्ग व्यवस्थित किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जगह-जगह भूस्खलन से अवरुद्ध मार्गों को तुरंत बहाल किया जाए और यमुनोत्री मार्ग को सुचारू कर यात्रा जल्द शुरू की जाए।

सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ: सीएम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। प्रभावित लोगों को हुए नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उपस्थित रहे जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी

निरीक्षण के दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल, एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम बृजेश तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी और जनक सिंह पंवार मौके पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *