गौरीकुंड से करीब 2.5 किमी ऊपर चीरवासा के पास बारिश के बाद मलबा-पत्थर आने से केदारनाथ धाम का पैदल मार्ग फिर पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इसके चलते आज सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ की ओर यात्रियों को भेजना संभव नहीं होगा। प्रशासन ने यात्रियों से सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही रुकने की अपील की है।

चीरवासा के पास गत दिनों हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग पर बुधवार सुबह से मार्ग सुदृढ़ीकरण और मरम्मत का काम किया जा रहा था। इस दौरान मार्ग को सुरक्षित बनाने के साथ केदारनाथ से वापस लौट रहे यात्रियों को भी सुरक्षित तरीके से इस स्थान से पार कराया जा रहा था।

इसी बीच दोबारा बारिश होने से चीरवासा के पास फिर मलबा और पत्थर आ गए, जिससे पैदल मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। मार्ग पर लगातार मलबा-पत्थर आने के कारण फिलहाल यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित नहीं मानी जा रही है।

प्रशासन और पुलिस की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ धाम की ओर यात्रा रोकने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें और सोनप्रयाग व गौरीकुंड में ही सुरक्षित स्थानों पर रुकें।

मार्ग की स्थिति सामान्य होने और यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित होने के बाद ही आगे की यात्रा के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।