केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने ऊखीमठ नगर पंचायत-पिंगलापानी पेयजल योजना को मिली वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति को क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बताया है। योजना के लिए रुपये 2578.52 लाख की स्वीकृति मिलने पर उन्होंने पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई जा रही थी। अब इस बहुप्रतीक्षित योजना की स्वीकृति मिलने से ऊखीमठ नगर पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और हजारों लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। सरकार द्वारा केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं, जिनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है।
विधायक ने कहा कि ₹2578.52 लाख की लागत से स्वीकृत यह योजना क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। योजना पूर्ण होने के बाद पेयजल संकट का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
आशा नौटियाल ने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
