Uttarakhand: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर रोमांच और उमंग का संगम,  एयरो शो और पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का आयोजन

उत्तराखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर देहरादून के थानो क्षेत्र के सिंधवाल गांव में सोमवार को एक भव्य एयरो शो और पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी स्ट्रेंथ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस रोमांचक आयोजन ने रजत जयंती समारोह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया।

कार्यक्रम में देशभर के आठ राज्यों से करीब 18 अनुभवी ग्लाइडर पायलटों ने हिस्सा लिया। आसमान में उड़ते इन जांबाज पायलटों ने जब अपने शानदार करतब दिखाए तो दर्शक रोमांच और उत्साह से भर उठे। हर ग्लाइडर पायलट ने हवा में लहराते हुए अद्भुत संतुलन और सटीक लैंडिंग का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में दून के गौरव पंवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। टिहरी के जितेंद्र सिंह ने द्वितीय स्थान, जबकि भीमताल के भारत ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्षों में उत्तराखंड ने शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि यह राज्य पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की देन है, और आज प्रदेश सरकार उनके सपनों के उत्तराखंड को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि साहसिक खेलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन राज्य में पर्यटन और युवाओं के उत्साह को नई दिशा देंगे।

प्रतियोगिता में ग्लाइडर पायलटों ने लगभग 1300 मीटर की ऊंचाई से उड़ान भरकर करीब 12 मिनट तक आकाश में करतब दिखाए और मैदान में बने गोले पर सटीक लैंडिंग की। सबसे सटीक लैंडिंग करने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया।

थानो के नीले आसमान में उड़ते पैराग्लाइडरों की यह रोमांचक झलक न केवल रजत जयंती समारोह का आकर्षण बनी, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि उत्तराखंड न केवल देवभूमि है, बल्कि अब यह एडवेंचर स्पोर्ट्स की भूमि भी बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *